ऋषिकेश में 400 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिजनों को सामग्री वितरित की।
ऋषिकेश।पब्लिक लाईव टुडे
उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड एवं श्रम विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज ऋषिकेश में विशेष श्रमिक कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लगभग 400 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिजनों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया।
मुख्य अतिथि प्रेमचन्द अग्रवाल ने कहा कि निर्माण श्रमिक प्रदेश के विकास की रीढ़ हैं। सरकार श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक हितों को प्राथमिकता पर रखकर काम कर रही है और पंजीकरण व पात्रता के आधार पर हर पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
क्षेत्रीय विधायक प्रेमचन्द अग्रवाल व नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान ने पात्र श्रमिकों को योजनाओं के अंतर्गत सामग्री वितरित की। शिविर में मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना, मुख्यमंत्री पोषण सामग्री योजना, मुख्यमंत्री शिक्षण सामग्री योजना और मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री योजना के तहत सामग्री प्रदान की गई। इन योजनाओं का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों के परिवारों को स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में सहायता देकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।
ऋषिकेश महापौर शंभू पासवान ने कहा कि श्रमिक समाज के निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके स्वास्थ्य, बच्चों की शिक्षा और पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकार के प्रयास सराहनीय हैं। ऐसे शिविरों से योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचता है। शिविर में अधिकारियों के साथ ही बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद थे।