पहाड़ों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। रविवार को मुनिकीरेती क्षेत्र में खारा स्रोत के पास बहने वाला बरसाती नाला अचानक उफान पर आ गया। देखते ही देखते नाले में तेज जलप्रवाह शुरू हो गया, जिससे आसपास दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मौके पर तैनात SDRF की टीम तुरंत हरकत में आई। जवानों ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए लाउडहेलर और माइक के जरिए लोगों को लगातार आगाह किया। SDRF ने लोगों से अपील की कि वे नाले के किनारे न जाएं और अपने बच्चों को भी इन स्थानों से दूर रखें। इसी बीच कुछ लोग नाले के बेहद करीब फंस गए थे। पानी का बहाव इतना तेज था कि एक भी गलत कदम जानलेवा साबित हो सकता था। ऐसे में SDRF के जवानों ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। रस्सियों और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से कुछ ही मिनटों में सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है। SDRF कमांडर ने बताया कि मानसून के दौरान पहाड़ी नालों का जलस्तर और बहाव बिना सूचना के कई गुना बढ़ जाता है। इसलिए आमजन से अनुरोध है कि वे बरसाती नालों, गदेरों और नदी के किनारों पर सेल्फी लेने या घूमने न जाएं। जरा सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है। वर्तमान में SDRF टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है। मौसम विभाग ने भी अगले 24 घंटों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
वहीं दूसरी ओर चंद्रभागा नदी का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर और अधिक बढ़ने की संभावना है। सभी स्थानीय लोगों एवं नदी के आसपास रहने वाले व्यक्तियों से अपील है कि नदी के पास न जाएँ और किसी भी प्रकार का जोखिम न लें।
कृपया बच्चों एवं अन्य लोगों को भी नदी से दूर रखें तथा प्रशासन/SDRF द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।