अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निगम ऋषिकेश की प्रेरणादायक पहल के तहत नगर निगम के तत्वावधान में ऋषिकेश पब्लिक स्कूल में “क्लीन एयर अवेयरनेस प्रोग्राम” का आयोजन कर स्कूली बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित जागरूकता संदेश देते हुए कहा कि स्वच्छ हवा स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। वायु प्रदूषण आज सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है और इससे लड़ने के लिए केवल सरकार ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर युवाओं की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण के भविष्य का प्रहरी बताया। इस अवसर पर स्लोगन लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पना और रंगों के माध्यम से वायु प्रदूषण के कारण, प्रभाव और समाधान को बखूबी दर्शाया। “पेड़ लगाओ – जीवन बचाओ”, “साइकिल चलाओ – धुएं को भगाओ” जैसे आकर्षक नारों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। उप नगर आयुक्त श्रीमती अंकिता जोशी ने NCAP के उद्देश्यों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि नगर निगम ऋषिकेश शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम उसी श्रृंखला का हिस्सा हैं। इस अवसर पर ऋषिकेश पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य एस.एस. भंडारी, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र,छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान महापौर शंभू पासवान ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को अपने शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने तथा स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लेकर पर्यावरण संरक्षण के नियम का पालन करने व दूसरों को भी प्रेरित करने का संकल्प लिया।