ऋषिकेश में नागालैंड की बस सीज।


ऋषिकेश।पब्लिक लाईव टुडे

ऋषिकेश क्षेत्र में अनधिकृत रूप से संचालित हो रहे वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल ऋषिकेश ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नागालैंड नंबर की एक लग्जरी स्लीपर बस को सीज कर  उसके फिटनेस को निरस्त करने की संस्तुति की है।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) रश्मि पंत ने  जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह प्रवर्तन दल द्वारा नटराज चौक के पास वाहनों की चेकिंग के दौरान नागालैंड नंबर की एक बस को रोका गया। कागजों में यह वाहन 9 सीट और 32 स्लीपर में पास है, लेकिन मौके पर चेकिंग करने पर वाहन में कई गंभीर खामियां मिलीं।
जांच में पाया गया कि बस में 32 की जगह 50 स्लीपर बर्थ अवैध रूप से लगाए गए थे। इसके अलावा बस में लगे एसी काम नहीं कर रहे थे, जिससे यात्री गर्मी में परेशान हो रहे थे। सबसे गंभीर बात यह रही कि बस में कोई भी इमरजेंसी एग्जिट नहीं बना हुआ था, जो किसी भी दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों की जान के लिए खतरा बन सकता है।
इतना ही नहीं, वाहन में 2.5 फीट का अतिरिक्त ओवरहैंग भी पाया गया और वाइपर भी खराब मिला। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए बस की बैक साइड में पारदर्शी शीशे की जगह मेटल की चादर लगाई गई थी, जिससे पीछे का कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। चेकिंग के दौरान बस में 16 अतिरिक्त सवारियां भी बैठी पाई गईं, जो क्षमता से अधिक थीं।
वाहन में मिली इन सभी गंभीर कमियों को देखते हुए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ऋषिकेश और संभागीय निरीक्षक ऋषिकेश द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए वाहन को तत्काल प्रभाव से कार्यालय में सीज कर दिया गया है। साथ ही विभाग द्वारा वाहन की फिटनेस को निरस्त करने की संस्तुति शासन को भेजी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

पब्लिक लाइव टुडे में आपका स्वागत है हमारे चैनल में खबर और विज्ञापन देने के लिए संपर्क करे-9997778161