नगर निगम ऋषिकेश के वार्ड संख्या 39 स्थित नेहरू ग्राम की गली नंबर-3 में सड़क निर्माण कार्य का गुरुवार को महापौर शम्भू पासवान ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों की मौजूदगी में विधिवत शुभारंभ किया। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में भी खुशी का माहौल रहा।
उद्घाटन अवसर पर महापौर शम्भू पासवान ने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्माण कार्य में गुणवत्ता के उच्च मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में लेवलिंग, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और मजबूती से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
महापौर ने निर्देश दिए कि सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया।
महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करना नगर निगम की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट, संजय प्रेम सिंह बिष्ट, ज्योति सजवाण, डीपीएस रावत सहित क्षेत्र के अनेक स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।