नारी सम्मान सेतु कैंप में सैकड़ों महिलाओं को मिली विधिक सहायता।


ऋषिकेश।पब्लिक लाईव टुडे

उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने राष्ट्रीय महिला आयोग के  सहयोग से 4 से 8 अगस्त तक ऋषिकेश में चलने वाले ‘सम्मान सेतु’ कैंप में आज स्थानीय महिलाओं के साथ ही कांवड़ यात्रा की महिलाओं, श्रद्धालुओं व आम नागरिकों की भागीदारी देखने को मिली। लोगों ने महिलाओं की हिंसा से सुरक्षा,उनके स्वास्थ्य  से संबंधित जिज्ञासाओं पर जानकारी जुटाई।

राज्य महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने प्रेस वार्ता में कहा कि आयोग का स्पष्ट ध्येय है कि पीड़ित महिला को हर समस्या में न्याय मिले। उन्होंने कहा, “महिलाएं जहां हैं वहीं रहें। हम फोन, थानों और शासन-प्रशासन के समन्वय से ऑन-द-स्पॉट समस्याओं का निस्तारण कर रहे हैं। एक अभिभावक की तरह पीड़ित को संरक्षण देना, टूटते परिवारों को जोड़ना और हर बहन तक मदद पहुंचाना ही इस कैंप का मुख्य उद्देश्य है।” उन्होंने यह भी कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था की यात्रा नहीं, बल्कि इसे नारी सम्मान और सामाजिक संवेदनशीलता का संदेश बनाना हम सभी का दायित्व है।

शिविर में अब तक 7,200 से अधिक जागरूकता किट वितरित की गईं। इन किट में महिला अधिकार, नए आपराधिक कानून, POSH Act और नारी शक्ति वंदन अधिनियम की जानकारी दी गई। अधिवक्ताओं ने 578 लोगों को निशुल्क कानूनी परामर्श दिया और 26 पारिवारिक मामलों का काउंसलिंग के माध्यम से समाधान कराया।

एम्स ऋषिकेश के सहयोग से 489 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। साइबर अपराध से जुड़े 124 मामलों का त्वरित निस्तारण भी किया गया।

कुसुम कंडवाल ने बताया कि आयोग अब ‘यशोदा AI’ ट्रेनिंग और वन स्टॉप सेंटर कार्मिकों के प्रशिक्षण पर भी काम कर रहा है ताकि महिलाएं तकनीक और कानून दोनों से सशक्त हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

पब्लिक लाइव टुडे में आपका स्वागत है हमारे चैनल में खबर और विज्ञापन देने के लिए संपर्क करे-9997778161