एल पी जी वेंडर गैस सिलेंडर की घटतोली की हरकतों से बाज नहीं आ रहे है। जिससे गैस उपभोक्ताओं को नुकसान उठाना पड़ रहा है। घटतोली की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी देहरादून के निर्देश पर मिली शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की है।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट और पूर्ति सहायक विजय को मौके पर भेजकर ग्राम सोडा सिरौली, रायपुर में ऑर्डिनेंस गैस सेवा की घरेलू गैस वितरण गाड़ी की जांच की गई। वाहन में कुल 26 घरेलू गैस सिलेंडर मिले। 4 सिलेंडरों से लगभग 1 किलो से 6.5 किलो तक गैस अवैध रूप से निकाली जा चुकी थी। 22 सिलेंडर पूरी तरह भरे हुए पाए गए। मौके पर गैस स्थानांतरण में प्रयुक्त रिफिलर भी बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने वीडियो साक्ष्य देकर पुष्टि की कि वितरण कर्मियों द्वारा अवैध रूप से गैस निकाली जा रही थी।
गंभीरता को देखते हुए गैस वितरण वाहन को तत्काल जब्त कर लिया गया। संबंधित कर्मचारी जयप्रकाश पुत्र प्रेमशंकर एवं रटनेश पुत्र चंद्रपाल तथा ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर देहरादून के विरुद्ध थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। बरामद सभी 26 सिलेंडर सुरक्षित रूप से निकटवर्ती सहकारी गैस सेवा में जमा करा दिए गए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी के. के. अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसी प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।