करंट की चपेट में आने से मां, बेटी की मौत।


ऋषिकेश।पब्लिक लाईव टुडे

एक दुःख़द हादसे में  महिला व उसकी पुत्री की जान चली गई। हादसा करंट बह रहे बिजली की तार टूटने की वजह से हुआ। जिसकी चपेट में दोनों मां बेटी आ गए।

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सभा खदरी खड़क माफ  में आज विद्युत तार टूटकर गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में मां-बेटी की जान चली गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

मृतकों की पहचान श्रीमती सुमन देवी और कु. सृष्टि के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक तार टूटकर जमीन पर गिर गया और उसकी चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा तुरंत अस्पताल ले जाने के प्रयास किए गए, लेकिन तब तक दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए  अग्रवाल ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल दूरभाष पर बात की। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराने के निर्देश दिये। कहा कि हादसे में  विभागीय लापरवाही के लिए जिम्मेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अग्रवाल ने विभाग को निर्देश दिए कि क्षेत्र में विद्युत लाइनों, तारों और खंभों की सुरक्षा का तत्काल निरीक्षण किया जाए। जर्जर तारों और कमजोर खंभों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाएं न दोहराई जाएं।

ग्रामीणों ने भी विभाग से मांग की है कि गांव में बिजली की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर लगाम लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

पब्लिक लाइव टुडे में आपका स्वागत है हमारे चैनल में खबर और विज्ञापन देने के लिए संपर्क करे-9997778161