एस डी आर एफ ने प्राकृतिक आपदा से बचने के गुर सिखाए।


ऋषिकेश।पब्लिक लाईव टुडे

आपदा प्रबंधन एवं जन-जागरूकता को लेकर SDRF उत्तराखंड का जागरूकता एवं प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत मंगलवार को SDRF पोस्ट ढालवाला की टीम ने तपोवन क्षेत्र स्थित एक होटल में आपदा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। अभियान का उद्देश्य होटल कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने और लोगों की सुरक्षित निकासी के लिए तकनीकी बारीकियों से रूबरू कर सक्षम बनाना रहा।

आपदा बल के उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में होटल के करीब 40 कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। SDRF टीम ने प्रतिभागियों को प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, प्रारंभिक प्रतिक्रिया तथा सुरक्षित निकासी के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को भूकंप, बाढ़, आग लगने तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले प्राथमिक सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही आपदा के समय घबराने के बजाय संयम और तत्परता के साथ व्यवस्थित कार्रवाई करने, आपातकालीन संसाधनों का उचित उपयोग करने तथा सुरक्षित स्थान तक पहुंचने के तरीकों की जानकारी दी गई।

SDRF टीम ने होटल परिसर में सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया का महत्व समझाते हुए आपात स्थिति में कर्मचारियों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रारंभिक सहायता और बचाव कार्यों के दौरान आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया गया।अभियान में SDRF पोस्ट ढालवाला की टीम से उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल अर्जुन पंवार, फायरमैन सुमित नेगी एवं पीएम अमित कुमार ने सक्रिय सहभागिता करते हुए प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम संचालित किया। SDRF अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य संस्थानों और आमजन को आपदा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया के लिए तैयार करना है। होटल प्रबंधन की ओर से मैनेजर अमित कुमार, सिक्योरिटी मैनेजर भूपाल सिंह, एचआर मैनेजर सुनील कुमार, मोहर, सतपाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

पब्लिक लाइव टुडे में आपका स्वागत है हमारे चैनल में खबर और विज्ञापन देने के लिए संपर्क करे-9997778161