श्यामपुर खदरी खड़क माफ बिजली की टूटी तार में बह रहे करंट की चपेट में आने से महिला व उसकी बेटी की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। रविवार को हुए हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल सोमवार तुरंत ऋषिकेश एम्स पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। अग्रवाल ने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार की तरफ से हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉ. अग्रवाल ने विद्युत विभाग के डायरेक्टर पीसी ध्यानी से फोन पर बात कर मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित परिवार को शीघ्र उचित मुआवजा देने और पूरे ऋषिकेश क्षेत्र में बिजली की लाइनों एवं उपकरणों का व्यापक ऑडिट कराने को कहा।
अग्रवाल ने चिंता जताते हुए कहा कि कुछ ही दिनों के अंतराल में क्षेत्र में बिजली से जुड़ी यह दूसरी बड़ी घटना है। यह विद्युत विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव में गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली की लाइनों और उपकरणों की नियमित जांच में अब किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्युत विभाग यह सुनिश्चित करे कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अग्रवाल पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की है।