युवा कल्याण, शिक्षा एवं खेल विभाग के समन्वय से खेल महाकुंभ 2026 के अंतर्गत विधानसभा स्तर पर आईडीपीएल स्थित राजकीय इंटर कॉलेज ऋषिकेश में आयोजित विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी का शुभारंभ ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ध्वजारोहण व खिलाड़ियों के साथ मशाल लेकर दौड़ लगाकर, गुब्बारे छोड़कर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का विकास नहीं करते, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। विधायक ने खिलाड़ियों से पूरी खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने और अपने क्षेत्र व प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। इस खेल महाकुंभ में कुल 517 बालक-बालिकाओं ने पंजीकरण कराया, जिसमें अंडर-14 वर्ग में 270 तथा अंडर-19 वर्ग में 247 खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इनमें ऊंची कूद, गोला फेंक, कबड्डी, खो-खो, लंबी कूद, भाला फेंक, मुर्गा झपट सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान और खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिल रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ जैसे आयोजन ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के युवा खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ें और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाएं, यही हमारा प्रयास है। इस अवसर पर वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, गोविंद सिंह रावत, पार्षद पूनम डोभाल, पार्षद सुमन रावत, नागेश राजपूत (कोच), पार्षद राजेश कोठियाल, टेक सिंह राणा (कोच), कैलाश नौटियाल (कोच), दीपक चौहान (कोच), अंकित उपाध्याय (कोच), संदीप वर्मा (युवा कल्याण अधिकारी), नरेंद्र सिंह गुलेरिया (प्रधानाचार्य), अनिल भगवाधारी, प्रिया ढकाल, नीतू बिष्ट आदि मौजूद थे।