हिंदी हमारी संस्कृति, राष्ट्रीय एकता की पहचान है। अशोक क्रेजी।


ऋषिकेश।पब्लिक लाईव टुडे

श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में आज हिंदी दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। प्रार्थना सभा से शुरू हुए इस आयोजन में विद्यालय परिसर हिंदीमय हो गया। हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार, उसके गौरव और राष्ट्रभाषा के रूप में उसके महत्व को समर्पित विभिन्न सांस्कृतिक व साहित्यिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था ‘आवाज़’ के अध्यक्ष एवं सुप्रसिद्ध शिक्षाविद् अशोक क्रेजी शर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रीय एकता की पहचान है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वह किताबों से दोस्ती करें, साहित्य पढ़ें और अपनी मातृभाषा पर गर्व करें। उन्होंने हिंदी के ऐतिहासिक योगदान से लेकर वर्तमान में वैश्विक स्तर पर बढ़ती स्वीकार्यता पर विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ हिंदी शिक्षक सुखदेव कंडवाल और रेखा बिष्ट को सर्वोच्च ‘आवाज़ साहित्यिक गौरव सम्मान’ से अलंकृत किया गया। सम्मान मिलने पर पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष की लहर दौड़ गई। इसके अलावा विद्यालय के शिक्षक व शिक्षिकाओं को भी माला पहनाकर, उत्तरीय ओढ़ाकर और लेखनी के प्रतीक के रूप में पेन भेंट कर सम्मानित किया गया।जिसमें सुशीला बड़थ्वाल, रेखा बिष्ट, नीलम जोशी, सुखदेव कंडवाल, रंजना, जगदम्बा प्रसाद थपलियाल, रीता पुंडीर और रंजन अंथवाल शामिल थे।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियां रही। विद्यार्थियों ने कविता पाठ, भाषण, निबंध वाचन और सांस्कृतिक नृत्य-नाटिका के माध्यम से हिंदी की महत्ता को बखूबी दर्शाया। प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। अंत में प्रधानाचार्य प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने सभी को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दी और हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक शिवप्रसाद बहुगुणा, डॉ. सुनील दत्त थपलियाल, जितेंद्र बिष्ट, जयकृत रावत सहित अन्य शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

पब्लिक लाइव टुडे में आपका स्वागत है हमारे चैनल में खबर और विज्ञापन देने के लिए संपर्क करे-9997778161