उत्तराखंड के पहाड़ों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा इंतजाम और कड़े कर दिए हैं।
एस डी आर एफ,जल पुलिस और आपदा राहत दल की सभी टीमें अलर्ट मोड में हैं। गंगा तट के प्रमुख घाटों पर टीमों को तैनात किया गया है और नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है। टीमें लगातार गश्त भी कर रही हैं ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।
श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को लाउडहेलर से जागरूक किया जा रहा है। उनसे अपील है कि वे तेज धारा के पास न जाएं और स्नान केवल निर्धारित व सुरक्षित पक्के घाटों पर ही करें।
नदी किनारे रहने वाले स्थानीय निवासियों को भी समय-समय पर दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्हें सलाह है कि वे सतर्क रहें और यदि जलस्तर और बढ़े तो तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत और बचाव के लिए टीमें पूरी तरह तैयार हैं।
सभी नागरिकों और श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। सतर्क रहे,सुरक्षित रहे और किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं।