कांवड़ यात्रा सुरक्षा व्यवस्था परखने मैदान में उतरे, देहरादून एस एस पी परमेंद्र डोभाल।


ऋषिकेश।पब्लिक लाईव टुडे

कावड मेले के अंतिम चरण को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून आज खुद फील्ड में उतर गए। उन्होंने ऋषिकेश, रायवाला और रानीपोखरी क्षेत्र का भ्रमण कर मेले में की गई पुलिस व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

भ्रमण के दौरान एसएसपी दून ने कावड़ मेले में आए श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत व फूल-माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी यात्रा के अनुभव और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। बातचीत के उपरांत एसएसपी ने सभी कावड़ियों को फल, मिष्ठान और पेय पदार्थ वितरित किए तथा उनकी सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।

इसके पश्चात एसएसपी ने ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे ड्यूटी के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी पूरा ध्यान रखें और पूर्ण निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए कि कावड़ यात्रा के अंतिम पड़ाव में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने आसपास के जनपदों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, कावड़ यात्रा को केवल पूर्व निर्धारित मार्गों से ही संचालित करने और श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करवाने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि इससे मुख्य मार्गों पर अनावश्यक दबाव नहीं बढ़ेगा और यात्रा सुचारू रूप से चल सकेगी।

एसएसपी के इस जमीनी निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में नया उत्साह देखने को मिला और श्रद्धालुओं ने भी पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना की। इस अवसर पर उनके साथ पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

पब्लिक लाइव टुडे में आपका स्वागत है हमारे चैनल में खबर और विज्ञापन देने के लिए संपर्क करे-9997778161