भारत मौसम विज्ञान विभाग और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 14 अगस्त 2026 को देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम को देखते हुए जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 14 अगस्त को जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 14 अगस्त को बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।