ऋषिकेश विधानसभा में न्याय पंचायत क्षेत्र श्यामपुर के ग्राम सभा भट्टोंवाला के वार्ड संख्या-3 में बंगाला नाले पर पुल निर्माण की मांग जल्द पूरी होने वाली है। पुल बन जाने से बंगला नाला के दोनों ओर निवास कर रहे सैकड़ों परिवारों को आवागमन में सुविधा होगी। खास कर बरसात में आने वाली बाढ़ से नाले से होकर गुजरने वाले स्थानीय लोगों को दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। क्षेत्रीय लोगों की समस्या व लंबे समय से उक्त स्थान पर पुल निर्माण की मांग को देखते हुए ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने 3 करोड़ 16 लाख 51 हजार रुपये की लगत से निर्मित होने वाले पुल के लिए वित्तीय स्वीकृति प्राप्त की है।
विधायक अग्रवाल ने बताया कि इस पुल के निर्माण से भट्टोंवाला के कई वार्ड आपस में सीधे जुड़ जाएंगे। लगभग 30 मीटर लंबे स्पान गार्डर पुल का निर्माण क्षेत्रवासियों के आवागमन को सुगम बनाने के साथ ही स्थानीय लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासी बंगाला नाले पर पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए लगातार प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप अब इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार किया कहा कि उन्होंने मेरे आग्रह को स्वीकार कर क्षेत्र की समस्या का समाधान करने में मदद की है। अग्रवाल ने कहा कि यह पुल भट्टोंवाला क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा और इससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों तथा आम नागरिकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।