ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के रायवाला में भगवान शिव एवं माता पार्वती को समर्पित “गोरखाली महिला हरितालिका तीज महोत्सव” का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम में गोरखाली परंपरा,रीति रिवाज के अनुसार अग्रवाल को नेपाली टोपी पहना, तिलक लगा व शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने सभी को हरितालिका तीज की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरितालिका तीज हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं से जुड़ा पर्व है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। कहा कि गोरखाली समाज ने अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को जीवंत रखते हुए उत्तराखंड के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
अग्रवाल ने नेपाल में आई भीषण त्रासदी पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए सभी से संकट की इस घड़ी में नेपाल के लोगों की हरसंभव सहायता एवं सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विपदा की इस घड़ी में हम सभी को मानवता के नाते अपने नेपाली भाई-बहनों के साथ खड़ा होना चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा नेपाल के लिए बड़ी मात्रा में राहत सामग्री भेजी जा चुकी है। यह भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने आत्मीय संबंधों और प्रधानमंत्री के नेपाल के प्रति अपनत्व को दर्शाता है। भारत हमेशा संकट के समय अपने पड़ोसी देशों के साथ खड़ा रहा है और आगे भी मानवीय सहायता के लिए तत्पर रहेगा। इस अवसर पर गोरखा सुधार सभा के अध्यक्ष विष्णु प्रसाद, क्षेत्र पंचायत सदस्य ऋषि राम शर्मा, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, प्रतीत नगर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, रायवाला ग्राम प्रधान सागर गिरी, सरस्वती अधिकारी, माया गुरुंग, अलका क्षेत्री, डॉ. पदम सुबेधी, स्वामी हरि हरानंद, राधा रमन अधिकारी, पूर्व सैनिक अंबर गुरुंग सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।