छिद्दरवाला में पूर्व सैनिक एवं अर्धसैनिक संगठन का नौवां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की चारों ग्राम सभाओं के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, महिला संगठन और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक शामिल हुए। इस दौरान कई पूर्व सैनिकों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल को आमंत्रित किया गया था। हालांकि, विधायक कार्यक्रम में शामिल नहीं होने से पूर्व सैनिकों में नाराजगी देखने को मिली।
राजपाल सिंह रावत अध्यक्ष पूर्व सैनिक,अर्ध सैनिक संगठन का कहना है कि स्थानीय विधायक को पूर्व सैनिकों के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सम्मिलित होना चाहिए था। क्योंकि संगठन के लिए यह दिन खासा महत्व रखता है। बताया कि पूर्व सैनिकों के प्रयास और सहयोग से यहां एक भवन तैयार किया गया है। इस भवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों और क्षेत्र के विकास से संबंधित मुद्दों पर वे विधायक से चर्चा करना चाहते थे।
पूर्व सैनिकों ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि विधायक कार्यक्रम में पहुंचकर उनका उत्साह बढ़ाएंगे और संगठन के भवन व क्षेत्र के विकास के लिए आगे की योजनाओं पर चर्चा करेंगे। लेकिन विधायक के कार्यक्रम में नहीं पहुंचने से उन्हें निराशा हुई।
विधायक के नहीं पहुंचने से निराश पूर्व सैनिकों का कहना था कि यदि किसी कारणवश विधायक कार्यक्रम में शामिल होने में असमर्थ थे, तो कम से कम संगठन को फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से इसकी जानकारी दी जा सकती थी।
पूर्व सैनिकों ने कहा कि विधायक उनके क्षेत्र के जनप्रतिनिधि हैं और ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन में उनकी मौजूदगी की उन्हें उम्मीद थी। इसी वजह से उन्होंने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की।
वहीं, इस कार्यक्रम के जरिए पूर्व सैनिक संगठन ने यह संदेश भी दिया कि संगठन का उद्देश्य केवल पूर्व सैनिकों तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र की चारों ग्राम सभाओं के विकास और ग्रामीणों के हित के लिए भी काम करना है। वहीं नाराज सैनिकों की इस नाराजगी पर विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल का पक्ष जानने के लिए संपर्क नहीं हो सका।