विश्वकर्मा पूजा समिति चंद्रेश्वर नगर की ओर से 40वां विश्वकर्मा महोत्सव कल यानि कि गुरुवार 17 सितंबर को चंद्रेश्वर मंदिर परिसर में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। इस महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण बिहार की प्रसिद्ध लोकगायिका सोना सिंह और उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत भोजपुरी लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति रहेगी। आज आईएसबीटी स्थित ऋषिकेश प्रेस क्लब में आयोजित में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के संस्थापक अध्यक्ष व ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान ने महोत्सव की तैयारियों की जानकारी पत्रकारों के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवार सुबह 9 बजे पूजा एवं हवन के साथ होगी। शाम को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबनेट मंत्री सुबोध उनियाल व विशिष्ट अतिथि के रुप में ऋषिकेश विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल मौजूद रहेंगे। जिसमें बिहार की प्रसिद्ध लोकगायिका सोना सिंह अपनी टीम के साथ भोजपुरी लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लेंगी। उन्होंने लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में आने की अपील की है। समिति ने इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के पहुंचने की उम्मीद जताई है।
वहीं मेयर शंभू पासवान ने बताया कि आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में समिति की ओर से 17 सितंबर की सुबह 4 बजे त्रिवेणी घाट पर 1008 हवन यज्ञ का विशेष आयोजन भी किया जाएगा। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गरीब और श्रमिक वर्ग के कल्याण के लिए शुरू की गई विश्वकर्मा योजना, भगवान विश्वकर्मा के प्रति सम्मान और श्रमिक समाज के उत्थान की भावना को दर्शाती है। पत्रकार वार्ता में समिति अध्यक्ष लालबाबू महतो, अनिल कुशवाहा, गगन ठेकेदार, अमित कुमार, अवध किशोर पासवान, विक्की शाह, सोनू कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।