सोमवार को ऋषिकेश से हरिद्वार की ओर जाने वाले कांवड़ियों के भारी दबाव के कारण हरिद्वार ऋषिकेश राजमार्ग पर भारी दबाव के चलते जगह जगह भारी जाम लग गया। पैदल यात्रियों को खिसकने तक की जगह नहीं मिली। श्यामपुर बायपास, नेपाली फार्म मे जाम लगने से नेपाली फार्म तिराहा पूरी तरह ब्लॉक हो गया। एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई, हद तो तब हो गई जब पैदल यात्री भी जाम में फंसकर लाचार नजर आए। आज सोमवार सुबह से ही वाहनों और श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती रही, जिसके चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि 1 किलोमीटर से ज्यादा लंबी कतारें लग गईं। पैदल चलने वाले श्रद्धालु और आम लोग भी घंटों तक एक ही जगह खड़े रहने को मजबूर हुए। जाम का सबसे दुखद पहलू नेपाली फार्म तिराहे पर देखने को मिला। जब यहां एक एंबुलेंस करीब आधे घंटे तक जाम में फंसी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एंबुलेंस का सायरन बजता रहा, लेकिन भीड़ और वाहनों के कारण वह कुछ सौ मीटर भी आगे नहीं बढ़ पाई। आपातकालीन मरीज को ले जा रही इस एंबुलेंस को गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी हुई।
डिवाइडर पार करते बाइक सवार:- जाम से बचने के लिए कुछ कांवड़िए अपनी बाइक उठाकर डिवाइडर पार करते नजर आए। इससे हादसे का खतरा कई गुना बढ़ गया।
पैदल यात्रियों का बुरा हाल:- जाम में फंसे लोगों के लिए निकलने की जगह तक नहीं थी। बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई।
वाहनों की लंबी कतार:- बस, ट्रक, प्राइवेट गाड़ियां और दोपहिया वाहन घंटों तक एक ही जगह खड़े रहे।
इस जाम के पीछे कई कारण रहे:- इस समय ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर कांवड़ियों की संख्या सबसे ज्यादा है।
नेपाली फार्म फ्लाईओवर से उतरने वाले वाहनों का लोड अचानक बढ़ गया।
मौके पर तैनात यातायात पुलिस की संख्या जाम को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त नहीं थी।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि नेपाली फार्म तिराहे पर कांवड़ यात्रा के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए।
आपातकालीन लेन बनाई जाए ताकि एंबुलेंस और जरूरी वाहनों को तुरंत रास्ता मिल सके।
फ्लाईओवर और तिराहे पर ट्रैफिक प्रबंधन को और मजबूत किया जाए।