नशा मुक्त भारत अभियान के तहत ब्रह्माकुमारीज, ऋषिकेश द्वारा आयोजित “10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और नशे के खिलाफ एकजुट होकर जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान ने दीप प्रज्ज्वलित करते हुए कहा कि आम जनसहभागिता से नशामुक्त समाज की परिकल्पना सार्थक सिद्ध हो सकती है। इसके लिए समाज के सभी वर्ग को अपनी जिम्मेदारी सुनिश्चित करनी होगी। मेयर पासवान ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए चलाया जा रहा यह अभियान समाज और विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति के जीवन को ही बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज की बुनियाद को कमजोर करता है। नशे के कारण युवा अपनी शिक्षा, करियर और संस्कारों से भटक रहे हैं, जिसका दूरगामी दुष्प्रभाव समाज पर पड़ रहा है। कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकार के भरोसे संभव नहीं है। इसके लिए सरकार, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। ब्रह्माकुमारीज जैसे संगठन द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान युवाओं को सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली और संस्कारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस महाअभियान से जुड़ें और अपने परिवार, मोहल्ले और विद्यालयों में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएं। नशे को जड़ से खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयास ही एकमात्र उपाय है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशा न करने और समाज को नशामुक्त बनाने की प्रतिज्ञा ली। इस अवसर पर उपनगर आयुक्त अंकिता जोशी, पार्षद दिनेश रावत, पूर्व पार्षद शिव कुमार गौतम आदि भी शामिल थे।