ऋषिकेश प्रवर्तन विभाग ने सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसते हुए कड़ी कार्यवाही की है। प्रवर्तन अधिकारी रश्मि पंत ने विभागीय टीम के साथ सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। 1 सितंबर से 3 सितंबर 2026 तक चले इस अभियान में विभाग ने सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
चेकिंग अभियान में मुख्य रूप से वाहनों की फिटनेस, परमिट, टैक्स, वाहनों में अनधिकृत रूप से किए गए अल्टरेशन और ओवरलोडिंग जैसे अभियोगों पर विशेष फोकस किया गया। विभागीय अधिकारियों की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में घेराबंदी कर वाहनों की जांच की। तीन दिनों में कुल 340 वाहनों के चालान किए गए, जबकि नियमों का घोर उल्लंघन करने वाले 32 वाहनों को कार्यालय परिसर में सीज किया।
अभियान के प्रथम एवं द्वितीय दिन अंतर्राज्यीय बसों पर विशेष नजर रखी गई। ऋषिकेश उप संभाग के अंतर्गत अन्य राज्यों से आने वाली बसों की संभागीय निरीक्षक के नेतृत्व में सघन चेकिंग की गई। इसमें बसों की फिटनेस, बॉडी अल्टरेशन, ओवरलोडिंग के साथ-साथ सुरक्षा मानकों जैसे फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता भी परखी गई। जांच में खामियां मिलने पर 21 बसों के चालान किए गए और 6 बसों को कार्यालय में सीज किया। वहीं एक बस की स्थिति इतनी खराब पाई गई कि उसके फिटनेस निरस्तीकरण की संस्तुति भी की गई है।
तीसरे दिन की कार्रवाई ऋषिकेश-तपोवन क्षेत्र में केंद्रित रही, जहां प्राइवेट नंबर के वाहनों में सवारी ढोने और रैपिडो ऐप के माध्यम से संचालित हो रहे दोपहिया वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इस दौरान 10 दोपहिया वाहनों के चालान किए गए, जबकि 8 दोपहिया वाहन ऐसे पाए गए जो निजी पंजीकरण पर व्यावसायिक रूप से सवारी ढो रहे थे, उन्हें मौके पर ही सीज कर कार्यालय लाया गया। यह पूरा चेकिंग अभियान ऋषिकेश के चार प्रमुख मार्गों – नेपाली फार्म-रायवाला, डोईवाला-भानियावाला, ऋषिकेश-तपोवन और ऋषिकेश-भद्रकाली क्षेत्र में चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) रश्मि पंत ने किया। कहा कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। उनके साथ संभागीय परिवहन निरीक्षक प्रदीप रौथान, परिवहन कर अधिकारी केके बिजलवान और परिवहन निरीक्षक जेठू सिंह, परमेंद्र कोहली, मेहताब अली तथा रमेश चंद्र पंत की टीम मौजूद थे।