

नरेंद्रनगर। राजेन्द्र सिंह गुसाईं
नरेंद्रनगर नगर पालिका परिषद वार्ड नंबर-2, की वंदे मातरम् कॉलोनी में चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। शुक्रवार को दिनदहाड़े रेडक्रॉस स्कूल के पास स्थित धमादा भवन को निशाना बनाकर करीब 40 से 50 लाख रुपये के सोने के आभूषण की चोरी की घटना को अंजाम दिया।
हमेशा की तरह भवन स्वामी राजपाल धमादा सुबह दुकान पर चले गए थे। करीब 11:30 बजे उनकी पत्नी भी ग्राम छतेडी में कीर्तन समारोह में चली गईं। इस समय घर पर कोई भी नहीं था। इसका फायदा उठाकर चोर ने मेन गेट के बाद मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर्वकमरे में रखी अलमारी व उसके भीतर का लॉकर तोड़कर उसमें रखे लगभग 40 से 50 लाख रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। परिजनों के अनुसार चोरी गए आभूषणों में नथ, मांगटीका, हार, झुमकी, तीन जोड़ी कुंडल, सोने की अंगूठियां और तीन मंगलसूत्र शामिल हैं।
“बंदरों ने खोला चोरी का राज”
हैरानी की बात यह है कि चोरी का पता बंदरों की वजह से चला। चोर मुख्य गेट खुला छोड़ गया था। स्थानीय लोगों ने बंदरों के झुंड को घर के अंदर घुसते देखा। बंदरों ने रसोई का सामान बिखेर दिया, तब जाकर पड़ोसियों को अनहोनी का शक हुआ और परिवार को खबर दी गई।
सूचना पर राजपाल धमादा के पुत्र गौरव धमादा ने 112 पर कॉल किया। थाना प्रभारी देवरा शर्मा, एसएसआई सतेंद्र भंडारी, एसओजी प्रभारी विकास सैनी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि वारदात करने वाला कोई जान-पहचान वाला हो सकता है, जिसे परिवार की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। पुलिस ने जल्द से जल्द चोरी के खुलासे का आश्वासन दिया है।

