हिंदी दिवस के अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने कैंप कार्यालय में विभिन्न शिक्षण संस्थानों में हिंदी का शिक्षण कार्य कर रहे शिक्षकों को सम्मानित किया। उन्होंने शिक्षकों को शॉल ओढ़ाकर, माला पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार, सभ्यता और राष्ट्रीय स्वाभिमान की पहचान है। हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा नई पीढ़ी में भाषा के प्रति गौरव की भावना विकसित करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में ब्रिक्स सम्मेलन में विदेशी मेहमानों के साथ हिंदी में संवाद और हिंदी में उद्बोधन देना विश्व पटल पर हिंदी के सम्मान को बढ़ाने वाला प्रयास है।
सम्मानित होने वालों में सुशीला बर्थवाल, नीलम रावत, प्रमोद बडोला, डॉ. नागेंद्र प्रसाद पोखरियाल, मोहनलाल रणाकोटी एवं नीता गोस्वामी शामिल रहे। कार्यक्रम में गढ़ी ग्राम प्रधान बॉबी रांगड़, उप प्रधान शुभांकित रावत, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन पोखरियाल, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष निवेदिता सरकार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।