मालवीय नगर स्थित मदर टेरेसा चिल्ड्रंस एकेडमी में गणेश चतुर्थी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस दौरान स्कूल परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक रंगोली और दीपों से सजाया गया। विद्यालय प्रबन्धक अमित जायसवाल ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से परिचित कराने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या रीना जायसवाल ने भगवान गणेश की मूर्ति स्थापना एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से भगवान गणेश की आरती की तथा सभी के सुख-समृद्धि और विद्यालय की उन्नति की कामना की। बच्चों ने पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ आयोजन में प्रतिभाग किया।
भजनों पर नृत्य और पर्यावरण संरक्षण पर नाटक ने मोहा मन
गणेश चतुर्थी के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने भगवान गणेश के भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने गणेश चतुर्थी के महत्व तथा पर्यावरण-अनुकूल उत्सव पर आधारित प्रेरणादायक नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने मिट्टी की गणेश प्रतिमा स्थापित करने और गंगा एवं पर्यावरण की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।
गंगा की पवित्र मिट्टी से तैयार कीं इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं
कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘इको-फ्रेंडली गणेश मूर्ति निर्माण’ एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने गंगा की पवित्र मिट्टी और प्राकृतिक रंगों का उपयोग कर आकर्षक गणेश प्रतिमाएं तैयार कीं। रचनात्मक गतिविधियों में विद्यार्थियों ने अपनी कला और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया।
‘नई शुरुआत सकारात्मक सोच के साथ करने की सीख लेने का आह्वाहन।
प्रधानाचार्या रीना जायसवाल ने विद्यार्थियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान गणेश बुद्धि, समृद्धि और विघ्नहर्ता के प्रतीक हैं। उनके जीवन से विद्यार्थियों को हर नई शुरुआत पूरी निष्ठा और सकारात्मक सोच के साथ करने की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश जैसे पावन नगर में पर्यावरण और गंगा की स्वच्छता के प्रति प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। ऐसे में सभी को मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की स्थापना का संकल्प लेना चाहिए।
शिक्षिकाओं ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर शिक्षिकाएं श्रीमती प्रिया भट्ट, पूनम शर्मा, निशा राणा, रेखा रावत, अंजू सिंह, शिखा गोस्वामी, गीता यादव, प्रियंका, भूमिका, विद्यांशी, आयुषी जायसवाल, स्वाति, जोनी गूलवर एवं सरोजनी कंडवाल उपस्थित थे।