मामूली कहासुनी में दोस्त की छाती में खंजर से कई वार कर की हत्या।
पब्लिक लाइव टुडे। सूरजमणी सिलस्वाल
दोस्त के साथ मामूली विवाद ने युवक की जिंदगी को लील लिया। मामूली कहासुनी के चलते दोस्त ने अपने दोस्त के सीने में चाकू से कई बार कर मौत के घाट उतार दिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
मुनिकी रेती खारा स्रोत स्थित शराब के ठेके पर मामूली विवाद को लेकर देर रात एक युवक ने अपने दोस्त की छाती को चाकू से गोदते हुए कई वार कर हत्या कर दी। युवक की हत्या की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना से लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया।
मुनि की रेती थाना पुलिस के अनुसार शीशम झाड़ी निवासी 28 वर्षीय अजेंद्र कंडारी देर रात शराब के ठेके के पास पहुंचा। साथ में उसका दोस्त अक्षय ठाकुर भी साथ में था। शराब पीने के दौरान दोनों में किसी बात को लेकर मामूली कहा सुनी ने बड़े विवाद का रूप ले लिया, विवाद बढ़ने पर अक्षय ठाकुर ने दोस्त की छाती पर चाकुओं से कई वार कर दिए। लहूलुहान अजेंद्र को एम्स डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जिसको लेकर परिजनों ने एम्स में हंगामा काटा। समझाए जाने पर शव को मोर्चरी में रखवाया गया। इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। मुकद्दमा दर्ज करने की कार्यवाही की जा रही है।
वहीं मुनि की रेती के निकट शराब के ठेके पास युवक की हत्या के बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया। नरेंद्र नगर के पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत के साथ स्थानीय लोग शराब का ठेका बंद करने की मांग पर अड़ गए। आक्रोशित लोग शराब का ठेका बंद कराने को लेकर प्रशासन व स्थानीय विधायक सहित धामी सरकार के खिलाफ जमकर बरसे।
मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने मृतक अजेंद्र कंडारी का शव पीडब्ल्यू तिराहे पर रखकर जमकर हंगामा काटा। परिजन तथा स्थानीय लोग हत्यारे अक्षय ठाकुर को फांसी की सजा की मांग के साथ ही परिवार के व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने, मृतक के परिजनों के खर्च के साथ ही उसकी बच्ची के शादी का खर्च उठाने की जिम्मेदारी सरकार द्वारा लेने के साथ ही शराब के ठेके को बंद करने की भी मांग की। काफी देर तक चले हंगामे के साथ चली
चर्चा के बाद भी परिजनों और प्रशासन में कोई सहमति नहीं बन पाई है। जिससे मामले ने ज्यादा टूल पकड़ लिया। गुस्साए परिजनों ने मृतक के शव को तपोवन तिराहे पर रख दिया है।
मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल, प्रशासन और चेयरमैन नीलम बिजलवान सहित क्षेत्र के लोग भारी संख्या में मौजूद रहे।

