असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने त्याग, तपस्या कर अपना सर्वस्व राष्ट्र की आजादी के लिए समर्पित कर दिया। महापौर शंभू पासवान


ऋषिकेश।पब्लिक लाईव टुडे

आईएसबीटी स्थित नगर निगम ऋषिकेश के कार्यालय परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस बडे़ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर शंभू पासवान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कर किया। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा परिसर भारत माता की जय, वंदे मातरम् एवं जय हिंद के उद्घोषों से गूंज उठा। 

इस अवसर पर महापौर श्री शंभू पासवान ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि उन असंख्य वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिन्होंने अपना सर्वस्व राष्ट्र की आजादी के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहे हैं, वह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष का परिणाम है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए।

महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पर्यावरण मित्रों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित ऋषिकेश के निर्माण में नगर निगम परिवार का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के कर्मचारी हर परिस्थिति में शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं, जो सराहनीय है। उन्होंने सभी कार्मिकों से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने कार्यों को और अधिक समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया। इस मौके पर महापौर ने नगर निगम के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट, अनुकरणीय एवं सराहनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों, पर्यावरण पर्यवेक्षकों तथा पर्यावरण मित्रों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान देकर सम्मानित किया। 

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। श्री गंगा सभा की टीम एवं नगर निगम ऋषिकेश के कार्मिकों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने सभी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। देशप्रेम से ओत-प्रोत गीतों की स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, पार्षद, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि के साथ ही बड़ी संख्या में अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

पब्लिक लाइव टुडे में आपका स्वागत है हमारे चैनल में खबर और विज्ञापन देने के लिए संपर्क करे-9997778161