80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ब्लू राइडर्स साइकिल क्लब की 7वीं साइकिल प्रभात फेरी में देशभक्ति का जज्बा चरम पर दिखा। स्वतंत्रता दिवस पर सैकड़ों साइकिल सवारों और स्कूली बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर शहर को एकता और फिटनेस का संदेश दिया।
क्लब संरक्षक कुलदीप असवाल, डॉ. निधि गुप्ता ने पी.डब्ल्यू.डी. गेस्ट हाउस से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। यहां से शुरू हुई प्रभात फेरी बैराज, आईडीपीएल, गीता नगर, कोयल घाटी और घाट चौराहा होते हुए त्रिवेणी घाट स्थित गांधी स्तंभ पर पहुंचकर संपन्न हुई। समापन पर सभी ने राष्ट्रगान और “वंदे मातरम्” गाकर शहीदों को नमन किया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “स्वस्थ रहो, नशे से दूर रहो” और “साइकिल चलाओ, प्रदूषण भगाओ” के नारे लगाए। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
क्लब अध्यक्ष ज्योति प्रकाश शर्मा और राकेश सिंह एडवोकेट ने कहा कि साइकिल न केवल शरीर को स्वस्थ रखती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सबसे बड़ा कदम है। आज जरूरत है कि युवा नशे से दूर रहकर समाज में सकारात्मकता फैलाएं। उन्होंने सरकार से हर शहर में साइकिल ट्रैक बनाने की मांग भी की। इस मौके पर सभी बच्चों और राइडरों को बैग, पानी की बोतल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। संजय शर्मा, जितेंद्र बिष्ट, नरेंद्र मालवा, शैलेश भंडारी, कुलवंत सिंह आदि मौजूद थे।