पवित्र श्रावण मास की कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था परखने एस पी देहात जया बलूनी स्वयं मैदान में उतरी। दून पुलिस कांवड़ यात्रा के सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गुरुवार को बरसात के बाबजूद एस पी ग्रामीण जया बलूनी ने कांवड़ मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने नेपाली फॉर्म तिराहा, श्यामपुर पुलिस चौकी बायपास, आईडीपीएल पार्किंग, नटराज चौक, एम्स बैराज तिराहा, विस्थापित पार्किंग और गंगा घाटों का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कांवड़ यात्रा ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं सुरक्षाबलों को निर्देश दिए कि यात्रा का संचालन केवल पूर्व निर्धारित रूटों से ही संचालित कराई जाएं, किसी भी स्थिति में यात्रा संचालन में अव्यवस्था न होने दी जाए। एसपी देहात ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाए तथा मुख्य मार्गों पर वाहन खड़े होने से हर हाल में रोका जाए, ताकि यातायात बाधित न हो। साथ ही संबंधित विभागों के समन्वय से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं भी लगातार उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश, प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश यशपाल सिंह बिष्ट सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।