स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति के रंग के बीच ऋषिकेश में एक और गौरवपूर्ण क्षण जुड़ गया। एम्स परिसर ऋषिकेश में पचास लाख की चोरी का खुलासा करने वाली कोतवाली ऋषिकेश की पुलिस टीम की सराहनीय कार्यशैली को सम्मानित करते हुए उन्हें सम्मान पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट किए।
दरअसल, 19 जुलाई 2026 को एम्स ऋषिकेश के आवासीय परिसर में हुई चोरी की घटना ने पूरे संस्थान में चिंता पैदा कर दी थी। अज्ञात चोर आवासीय क्षेत्र से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार काम किया। कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट विवेचना के बाद पुलिस ने इस अंतर्राज्यीय गिरोह के एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 50 लाख रुपये कीमत के चोरी हुए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एम्स परिवार ने राहत की सांस ली।
इस उत्कृष्ट कार्य के लिए आज एम्स ऋषिकेश में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिस टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। एम्स की कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रोफेसर डॉ. मीनू सिंह ने पुलिस टीम की पीठ थपथपाते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में ऋषिकेश पुलिस का योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पुलिस की तत्परता और मेहनत के कारण ही संस्थान के कर्मचारियों में विश्वास और सुरक्षा का भाव बढ़ा है।
इनको मिला सम्मान:-
निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, प्रभारी कोतवाली, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक विकसित पवार, उपनिरीक्षक देवेंद्र पंवार, चौकी प्रभारी एम्स, हेड कांस्टेबल संदीप राठी, कांस्टेबल दिनेश मेहर, कांस्टेबल सौरव वालिया, कांस्टेबल संदीप छाबड़ी, कांस्टेबल नवनीत, कांस्टेबल कुलदीप, एसओजी टीम आदि।